आजकल कई लोग यह कह रहे हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) दुनिया पर कब्जा कर लेगा और मानवता के लिए खतरा बन जाएगा।
Credit : Tech Research Online
क्या यह एक उचित चेतावनी है या फिर एक तकनीक के प्रति निराधार डर?
समस्या यह है कि बहुत कम लोग वास्तव में यह समझते हैं कि AI कैसे काम करता है। और जब हमें किसी चीज़ के काम करने का तरीका नहीं पता होता, तो हम उससे डरते हैं।
इस लेख में, मैं इस संशय को दूर करने की कोशिश करूंगा और समझाऊंगा कि AI वास्तव में कैसे काम करता है। लेकिन इसके लिए "न्यूरल नेटवर्क" नामक चिड़िया को जानना बेहद जरूरी है।
हम अति गणितीय रूप से तो नहीं किंतु सारगर्भित गहराई से जानेंगे कि न्यूरल नेटवर्क कैसे काम करता है, क्योंकि यह AI का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मैं आपको यह भी बताऊंगा कि AI का दिमाग वास्तव में कैसे काम करता है।
सबसे पहले यह समझना ज़रूरी है कि आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क (ANN), जिसे संक्षेप में न्यूरल नेटवर्क कहा जाता है, मूल रूप से एक गणितीय समीकरण (Mathematical Equation) है—कुछ और नहीं। यह समीकरण जटिल हो सकता है, लेकिन आखिरकार यह सिर्फ़ गणित ही है।
अब प्रश्न है - "न्यूरल नेटवर्क" नाम ही क्यों दिया गया?
इसका कारण यह है कि इसका ढांचा हमारे दिमाग में मौजूद न्यूरॉन्स से मिलता-जुलता है। हमारे दिमाग में लगभग 86 अरब न्यूरॉन्स होते हैं। ये न्यूरॉन्स हमें सोचने, निर्णय लेने और कार्य करने में मदद करते हैं।
लेकिन क्या AI के न्यूरॉन्स इंसानी न्यूरॉन्स की तरह काम करते हैं?
इसका सीधा उत्तर है - नहीं।
AI के न्यूरॉन्स इंसानी न्यूरॉन्स जितने जटिल नहीं होते। न्यूरल नेटवर्क और हमारे दिमाग में समानता केवल उनके जुड़ाव (networking) के तरीके में होती है, उनके काम करने के तरीके में नहीं।
AI का न्यूरॉन कैसे काम करता है?
देखिए, एक बायोलॉजिकल न्यूरॉन में तीन मुख्य भाग होते हैं:
Credit : researchgate
1. डेंड्राइट्स (Dendrites) – ये सिग्नल रिसीव करते हैं।
2. सेल बॉडी (Cell Body) – यह सिग्नल को प्रोसेस करता है।
3. एक्सॉन (Axon) – यह सिग्नल को आगे भेजता है।
इसी तरह, AI का न्यूरॉन भी इन तीन चरणों में काम करता है:
Credit : Rede neural - Wikipedia, a enciclopedia libre
1. इनपुट (Input) – जिसे डेंड्राइट्स की तरह माना जा सकता है।
2. प्रोसेसिंग (Processing) – यह एक गणितीय फ़ंक्शन (function) होता है, जिसे सेल बॉडी की तरह माना जा सकता है।
3. आउटपुट (Output) – यह एक्सॉन की तरह होता है, जो सिग्नल को अगले न्यूरॉन तक भेजता है।
AI न्यूरॉन का काम इस सरल समीकरण से समझा जा सकता है:
जहाँ:
- X इनपुट है ( जो की आप इसमें फिड करेंगे)।
- W एक वेट (Weight) है, जो यह तय करता है कि इनपुट कितना महत्वपूर्ण है
- B (Bias) होता है, जो रिजल्ट को थोड़ा ऊपर या नीचे कर सकता है
- Z(X) आउटपुट है, जो यह बताता है कि अंतिम निर्णय क्या होगा, इसे Activation फंक्शन भी कहते हैं।
इस फ़ंक्शन का उद्देश्य इनपुट को मॉडिफाई करना है ताकि उसे एक वांछित आउटपुट से मैप किया जा सके।
इसे एक उदाहरण से समझे :
मान लीजिए, हम अनुमान लगाना चाहते हैं कि एक छात्र परीक्षा पास करेगा या नहीं, इस आधार पर कि उसने कितने घंटे पढ़ाई की।
1. इनपुट (X): पढ़ाई के घंटे (जैसे 10 घंटे)
2. वेट (W): पढ़ाई का महत्व (जैसे 0.7)
3. बायस (B): अन्य कारकों का प्रभाव (जैसे +2)
अब इन इनपुट्स को एक्टीवशन फ़क्शन से गुज़ारा जाता है ताकि यह तय किया जा सके कि छात्र पास होगा या नहीं।
Z(10) = (0.7 × 10) + 2 = 7 + 2 = 9
अगर एक थ्रेशहोल्ड फ़ंक्शन उपयोग किया जाए, जैसे :
अगर < 5 → फेल
अगर ≥ 5 → पास
क्योंकि Z(10) = 9, जो 5 से अधिक है, इसलिए AI यह भविष्यवाणी करता है कि छात्र पास होगा।
अब जानिए कि AI न्यूरॉन को प्रशिक्षित (Train) कैसे किया जाता है?
AI को यह सीखना होता है कि दिए गए इनपुट के लिए सही आउटपुट क्या होना चाहिए।
इसे समझने के लिए एक सरल उदाहरण लेते हैं:
- आपके पास ₹500 हैं और आपको ₹300 की कॉफी खरीदनी है।
- AI यह तय करेगा कि क्या आप इसे खरीद सकते हैं? (उत्तर: हां)
- अगर AI गलत उत्तर देता है, तो वेट (W) और बायस (B) को बदला जाता है।
- यह प्रक्रिया हजारों-लाखों बार दोहराई जाती है, जब तक कि AI लगभग सभी मामलों में सही उत्तर देना न सीख जाए।
यही कारण है कि AI को प्रशिक्षित करने के लिए बहुत सारे डेटा और कंप्यूटिंग शक्ति की आवश्यकता होती है।
यद्यपि ऊपर बताए गए गणितीय समीकरण केवल सरल हां या ना (Yes/No) वाले निर्णयों के लिए काम करते हैं।
लेकिन क्या होगा जब निर्णय ज़्यादा जटिल हो, जैसे कि बैंक से लोन मिलने की संभावना?
वैसे बैंक लोन के मामले में, कई कारक होते हैं:
- आपकी आय (Income)
- क्षेत्र की बाज़ार स्थिति
- आपके पास मौजूद नकद राशि
- लोन की अवधि (Loan Term)
यह एक नॉन-लीनियर (Non-Linear) समस्या बन जाती है। इसे हल करने के लिए, AI में एक नया एक्टिवेशन फ़ंक्शन (Activation Function) जोड़ा जाता है।
और सबसे आम एक्टिवेशन फ़ंक्शन का एक उदाहरण Sigmoid Function है।
इसे भी कुछ उपयुक्त व्याख्याओं द्वारा समझाया जा सकता है। जिसकी यहाँ जरूरत नहीं है अन्यथा लेख और भी लंबा हो जाएगा।
यह गणितीय तकनीक AI को और अधिक जटिल निर्णय लेने में सक्षम बनाती है।
अब एक महत्वपूर्ण सवाल पर आते हैं:
क्या AI सच में अपने आप सोच सकता है?
उत्तर है - नहीं।
AI सिर्फ वही कर सकता है जिसके लिए उसे प्रशिक्षित (Train) किया गया हो।
लेकिन यहाँ एक रहस्यमयी बात होती है:
जब AI को प्रशिक्षित किया जाता है, तो हम जानते हैं कि इनपुट और आउटपुट क्या हैं। लेकिन बीच की प्रक्रिया (Hidden Layers) एक ब्लैक बॉक्स (Black Box) होती है।
Credit : The AI Black Box Problem
मतलब यह कि AI कैसे निर्णय लेता है, इसका सही-सही पता नहीं लगाया जा सकता।
AI के हजारों-लाखों न्यूरॉन्स (Hidden Layers) के अंदर क्या हो रहा है, इसे आसान भाषा में नहीं समझाया जा सकता।
AI के अंदर संख्याओं की एक लंबी श्रृंखला (Matrix Calculations) चल रही होती है।
हर न्यूरॉन छोटे-छोटे गणितीय फैसले ले रहा होता है, लेकिन इन फैसलों का इंसानी भाषा में अनुवाद कर पाना मुश्किल है।
इसीलिए इसे ब्लैक बॉक्स (Black Box) कहा जाता है – क्योंकि हमें यह तो पता होता है कि इनपुट और आउटपुट क्या हैं, लेकिन बीच में क्या हो रहा है, यह स्पष्ट नहीं होता।
कई लोग इस बात से डरते हैं कि AI किसी दिन खुद निर्णय लेने लगेगा। लेकिन AI को सिर्फ वही करने के लिए बनाया गया है, जो इंसान उसे करने के लिए सिखाते हैं।
AI से हमें डरने की ज़रूरत नहीं है कि यह दुनिया पर कब्ज़ा कर लेगा।
लेकिन वर्तमान में AI से असली खतरें हैं, जैसे :
- नौकरियों का संकट – AI कई मानव नौकरियों की जगह ले सकता है।
- गलत प्रशिक्षण (Bias) – अगर AI को गलत डेटा पर प्रशिक्षित किया जाए, तो यह गलत फैसले ले सकता है।
- साइबर अपराध – AI का दुरुपयोग करके साइबर हमले किए जा सकते हैं।
यद्यपि AI मानवता को खत्म नहीं करेगा। यह सिर्फ एक शक्तिशाली टूल है, जिसका सही या गलत उपयोग इंसानों पर निर्भर करता है।
यह एक बेहद शक्तिशाली तकनीक है, लेकिन यह कोई जीवित चीज़ नहीं है। यह सिर्फ गणित और डेटा का खेल है। हमें इससे डरने की जरूरत नहीं, बल्कि इसे समझने और सही तरीके से इस्तेमाल करने की जरूरत है।
AI इंसानों की जगह नहीं लेगा, लेकिन यह हमारी दुनिया को बदल जरूर देगा।
मैंने जितना सरल हो सके उस प्रकार से इसे समझाने का प्रयास किया है बाकी अपनी राय कमेंट में लिखें।